भिवंडी में नहीं थम रहे अपहरण के मामले
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Nov 18, 2025
- 72 views
दो दिन में चार नाबालिग लापता, अभिभावकों में बढ़ी चिंता
भिवंडी। शहर में नाबालिग बच्चों के गायब होने का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। अलग-अलग इलाकों से दो दिन के भीतर चार बच्चों के लापता होने की घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि बच्चों का सुराग अब तक नहीं मिल पाया है।
पहली घटना बालाजी नगर इलाके की है, जहां 15 वर्षीय लड़का 17 नवंबर की शाम ट्यूशन के लिए घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। देर रात तक खोजबीन करने के बाद परिजनों ने भोईवाड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। परिवार का कहना है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
दूसरी घटना अंजुरफाटा क्षेत्र की है, जहां 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच एक 15 वर्षीय किशोर लापता हो गया। नारपोली पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार परिवार को आशंका है कि बच्चे को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बहला-फुसलाकर उठाया है।
इन दो घटनाओं के अलावा कोनगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र से एक 15 वर्षीय लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार लड़की रोजाना की तरह गोदाम में काम पर गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि वह आसिफ नामक युवक के साथ गई है। परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद आसिफ पर अपहरण का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
नारपोली पुलिस क्षेत्र से एक और मामला सामने आया है, जहां 14 वर्षीय लड़की को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की है।
दो दिनों में चार नाबालिगों के लापता होने की घटनाओं से शहर के अभिभावकों में भय का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता के दावों के बावजूद बच्चों की खोज में सफलता नहीं मिल रही है, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी मामलों की गंभीरता से जांच की जा रही है और बच्चों को जल्द से जल्द ढूंढ निकालने के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। शहर में बढ़ती इन घटनाओं को देखते हुए नागरिकों ने बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने और निगरानी प्रणाली मजबूत करने की मांग की है।


रिपोर्टर