बीच रोड पर युवक पर हमला, चॉपर दिखाकर दी जान से मारने की धमकी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 10, 2026
- 19 views
कई आरोपियों पर केस दर्ज
भिवंडी। शहर में सड़क पर मामूली विवाद के बाद युवक पर हमला करने और चॉपर दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। भिवंडी शहर पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों सहित कई अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता मानव राजेश कडवे (19), निवासी सरोवर दर्शन बिल्डिंग, मानसरोवर, ने शिकायत दर्ज कराई है। घटना 8 फरवरी की रात करीब 10:40 बजे फेणेगांव गेट के सामने सार्वजनिक सड़क पर हुई। शिकायत के मुताबिक, पीड़ित अपने मित्र नारायण शर्मा के साथ स्कूटर से जा रहे थे, तभी रास्ते में करण, विनीत, पियुष और उनके साथ मौजूद अन्य पांच अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पहले स्कूटर को टक्कर मारकर विवाद शुरू किया गया और फिर गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने लात-घूंसों से हमला कर उसे घायल कर दिया। जब उसके मित्र नारायण शर्मा बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की राजेश और पियुष उर्फ पंजाबी ने हाथ में चॉपर लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, “आज तेरा गेम खत्म कर दूंगा।” मारपीट के दौरान पीड़ित के गले से करीब दो तोले वजन की सोने की चेन भी गिरकर गायब हो गई, जिसे लेकर पुलिस ने चोरी का एंगल भी जांच में शामिल किया है। भिवंडी शहर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच पुलिस उप निरीक्षक सुरेश ढोले कर रहे है।


रिपोर्टर