टेंपो से मिलावटी खाद्य पदार्थों का भंडाफोड़

पुलिस की कार्रवाई में 6 लाख का माल जब्त, अस्वच्छ जगह पर बन रहा था खतरनाक सामान


भिवंडी। भिवंडी में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटी खाद्य पदार्थों के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। शांतिनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक टेंपो से बड़ी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री जब्त की है, जो कथित तौर पर अस्वच्छ जगह पर तैयार कर बाजार में बेची जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 10 फरवरी को सलामतपुरा इलाके में खड़ी एक चारचाकी टेंपो (एमएच-01-ईएम-5938) में अवैध रूप से खाद्य पदार्थों का भंडारण किए जाने की जानकारी मिली थी। जांच के दौरान पता चला कि खाद्य सामग्री को अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार कर उसमें मिलावट की जा रही थी और बाद में उसे बाजार में बेचकर लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 6 लाख रुपये कीमत का टेंपो और संबंधित सामग्री जब्त की है। इस मामले में अब्दुल फैजल मोहिउद्दीन अंसारी (37) और विकास सुखदेव वानखेड़े (35) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सुत्रों का कहना है कि आरोपियों द्वारा संगठित तरीके से खाद्य पदार्थों में मिलावट कर उन्हें बाजार में बेचने की आशंका है, जिससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता था। जांच में यह भी सामने आया है कि खाद्य सामग्री को अस्वच्छ स्थान पर संग्रहित किया गया था, जो खाद्य सुरक्षा नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। हालांकि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। जिसकी आगे की जांच पुलिस उप निरीक्षक कालु गवारी कर रहे है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट