डीएम ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने का दिया निर्देश


रोहतास। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा ने जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने तिलौथू क्षेत्र सहित सासाराम के कादिरगंज नैका घाट समेत अन्य प्रमुख छठ घाटों का जायजा लिया तथा घाटों पर की गई तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पहुंच पथ की सुगमता, बैरिकेडिंग, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।


जिलाधिकारी ने विशेष रूप से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गहरे पानी एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए तथा खतरनाक स्थलों को स्पष्ट रूप से चिह्नित कर वहां चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। घाटों पर गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन एवं बचाव दल पूरी तरह मुस्तैद रहें।


उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में छठ महापर्व मना सकें।


जिलाधिकारी ने संबंधित अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे लगातार घाटों का निरीक्षण करते रहें तथा किसी भी प्रकार की कमी या समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही पूजा-अर्चना करें तथा गहरे पानी एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें। बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों से तत्काल संपर्क करें।


जिला प्रशासन, रोहतास छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट