छठ घाटों पर नशामुक्ति अभियान को मिल रहा नया स्वरूप : सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से जन-जागरूकता का संदेश दे रहा जिला प्रशासन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 15, 2026
- 10 views
रोहतास।बिहार।लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रोहतास जिला प्रशासन द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता को भी विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। जिलाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न छठ घाटों पर नशामुक्ति अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है।
इस वर्ष छठ घाटों पर नशामुक्ति अभियान को आकर्षक एवं जनभागीदारी आधारित स्वरूप प्रदान किया गया है। इसके तहत विभिन्न घाटों पर विशेष सेल्फी प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां श्रद्धालु एवं युवा अपनी तस्वीर लेकर नशामुक्ति के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित कर सकते हैं। इन सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि छठ जैसे व्यापक जनभागीदारी वाले महापर्व को सामाजिक बदलाव एवं सकारात्मक जन-जागरूकता का माध्यम बनाया जाए। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं, युवाओं, महिलाओं एवं बच्चों के बीच नशामुक्ति का संदेश पहुंचाकर समाज के प्रत्येक वर्ग को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके पारिवारिक जीवन, आर्थिक स्थिति एवं सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। नशे की लत से परिवारों में तनाव, आर्थिक संकट तथा सामाजिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसलिए नशे से दूरी बनाना केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।
जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा, आस्था, स्वच्छता एवं अनुशासन के साथ मनाएं। साथ ही इस पावन अवसर पर नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के जीवन की खुशियों और संभावनाओं को प्रभावित करता है। अतः प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करे।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, खेल, रोजगार एवं समाज के सकारात्मक निर्माण में करें। नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनें तथा नशामुक्ति अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमें आस्था, पवित्रता, अनुशासन, स्वच्छता एवं सामाजिक एकजुटता का संदेश देता है। इसी भावना के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति को नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
जिला प्रशासन, रोहतास की आमजन से अपील है कि इस छठ महापर्व पर एक संकल्प अवश्य लें—
स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करेंगे।
अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करेंगे।
छठ घाटों पर बनाए गए नशामुक्ति सेल्फी प्वाइंट के माध्यम से जागरूकता संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएंगे।
युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।
आइए, छठ महापर्व के पावन अवसर पर सूर्योपासना के साथ स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त रोहतास के निर्माण का संकल्प लें।
जिला प्रशासन, रोहतास का संदेश
"नशे को कहें ना, जीवन को कहें हां।
नशामुक्त परिवार, स्वस्थ समाज और सशक्त बिहार का निर्माण करें।"


रिपोर्टर