नहर में पानी नहीं आने पर ग्रामीणों ने दिखाई एकजुटता, समरसेबल से पानी भरकर किया छठ घाट का इंतजाम
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 15, 2026
- 6 views
संवाददाता सिगसन सिंह यादव की रिपोर्ट
भभुआं(कैमूर)--- अनुमंडल क्षेत्र के जैतपुर पंचायत अंतर्गत खड़िहा गांव में छठ महापर्व को लेकर ग्रामीणों की आस्था और एकजुटता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। गांव की नहर में पानी नहीं आने के कारण छठ व्रतियों और ग्रामीणों के सामने अर्घ्य देने को लेकर काफी परेशानी उत्पन्न हो गई थी। नहर सूखी रहने से ग्रामीण काफी निराश थे। लेकिन छठ महापर्व के प्रति श्रद्धा और विश्वास ने ग्रामीणों को हार मानने नहीं दिया।
ग्रामीणों ने आपसी सहयोग और एकजुटता से जेसीबी मशीन की मदद से नहर में पानी रोकने के लिए बांध बनाया। इसके बाद गांव के तीन-चार समरसेबल पंपों के माध्यम से नहर में पानी भरवाने की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों की इस पहल से देखते ही देखते नहर में पानी जमा हो गया और छठ पूजा के लिए घाट तैयार हो गया।
इसके बाद सैकड़ों की संख्या में छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं ने नहर में एकत्रित पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को पहला यानी डूबते सूर्य का अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाट पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि नहर में पानी नहीं रहने के बावजूद सभी ने मिलकर छठ महापर्व की व्यवस्था की। अब श्रद्धालु रातभर घाट पर रहकर पूजा-अर्चना करेंगे और सोमवार की सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन करेंगे।
खड़िहा गांव के ग्रामीणों की यह पहल आपसी सहयोग, सामाजिक एकता और लोक आस्था की सुंदर मिसाल बन गई है।


रिपोर्टर