जौनपुर भदेठी काण्ड को मुख्यमंत्री ने संज्ञान में लिया दोषियों पर रासुका और गैंगस्टर लगाने का निर्देश

 जौनपुर में भदेठी गांव में मंगलवार को हुई घटना को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गम्भीरता से लिया है। उन्होंने घटना में शामिल अभियुक्तों पर एनएसए और गैंगस्टर के तहत कार्यवाही का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के नुकसान के लिए मुख्यमंत्री कोष से आर्थिक सहायता देने और पीड़ितों को समाज कल्याण विभाग से सहायता राशि देने का एलान भी किया है। मुख्यमंत्री के आदेश पर स्थानीय थानाध्यक्ष सरायख्वाजा संजीव मिश्र को पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया भदेठी गांव  प्रदेश के राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव के निर्वाचन क्षेत्र जौनपुर सदर विधानसभा में पड़ता है। उन्होंने घटना को गम्भीरता से लेते हुए सम्पूर्ण घटनाक्रम की जानकारी प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी है। जिस पर मुख्यमंत्री ने उच्चाधिकारियों से रिपोर्ट तलब करते हुए घटना पर आवश्यक कार्यवाही करने और पीड़ितों को राहत देने का निर्देश दिया है प्रशासनिक सूत्रों के हवाले से मिली ख़बर के अनुसार मंगलवार की रात जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गाँव मे दो वर्गों में संघर्ष की घटना को मुख्यमंत्री ने संज्ञान में लिया है। उन्होंने घटना के दोषियों के विरुद्ध कड़ा रुख अख्तियार करने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया है। स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया है कि दोषियों पर गैंगस्टर एक्ट और एन.एस.ए. के तहत कार्यवाही की जाय। मुख्यमंत्री ने घटना के दौरान हुई आगजनी और तोड़फोड़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री पीड़ित सहायता कोष से 10 लाख 26 हजार 450 रुपये आर्थिक सहायता के रूप देने एलान भी किया है। इसी क्रम में उन्होंने घटना से पीड़ित परिवारों को समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुमन्य एक लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया है। घटना में अत्यधिक प्रभावित 7 पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास देने की भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने घटना के पूर्व परिस्थितियों का गम्भीरता से आकलन न करने वाले स्थानीय थाना सरायख्वाजा के थानाध्यक्ष संजीव मिश्र के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही का भी निर्देश उच्चाधिकारियों को दिया है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने एसओ को लाइन हाजिर करते हुए उनकी जांच अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय को सौप दी है।ज्ञात हो कि मंगलवार की शाम जौनपुर के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के भदेठी गाँव मे दो वर्गों में जमकर संघर्ष हुआ था। उसी रात में एक वर्ग के लगभग सैकड़ों लोग दलित बस्ती पर धावा बोलकर आगजनी तोड़फोड़ मारपीट कर जमकर तांडव किया गया।  जिसमे दलित समुदाय के एक दर्जन मड़हे फूंक दिए गए। आग से कई मवेशी भी जल गए। जिसमे तीन बकरी और एक भैंस की मौत हो गई। घटना से आसपास के गाँव मे तनावपूर्ण माहौल हो गया। घटना की सूचना पाकर देर रात में ही जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे।इन अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। इन अधिकारियों ने दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को आरोपियों को पकड़ने का निर्देश भी दिया।बुधवार की सुबह मौके पर वाराणसी मंडल के आयुक्त दीपक अग्रवाल और वाराणसी जोन के आईजी विजय सिंह मीणा ने भदेठी गांव का दौरा कर पीड़ितों से बातचीत की। आयुक्त ने घटना में हुई आगजनी से हुए नुकसान का आकलन करने और मुआवजा दिलाने के लिए जिलाधिकारी को निर्देश दिया। आईजी ने पुलिस अधीक्षक को घटना में शामिल लोगों को तत्काल गिरफ्तार करने और रासुका लगाने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि घटना में शामिल मुख्य रूप से सपा नेता मोहम्मद जावेद सिद्दीकी प्रधानपति आफताब उर्फ हिटलर और नूर आलम सहित 37 लोगों को अब तक गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में 57 लोगों को नामजद और 27 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। गाँव मे शान्ति व्यवस्था कायम करने के लिए भारी मात्रा में पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।  जिलाधिकारी दिनेश सिंह ने बताया कि जिन लोगों के मकान जलाए गए है उनके सुरक्षा रहने खाने पीने का प्रबंध प्रशासन कर दिया है। उनको आर्थिक सहायता प्रदान करने के मुख्यमंत्री जी द्वारा दिये गए निर्देश का अनुपालन किया जा रहा है। उधर भदेठी गांव में इस संघर्ष के बाद तनाव व्याप्त है। पुलिस कार्यवाही के बाद खौफजदा लोग गाँव से पलायन कर रहे हैं। अब तक सैकड़ों पुरूष महिलाएं बच्चे गाँव छोड़कर भाग गए हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट