
अमानीगंज की जिला पंचायत सीटों पर भाजपा, सपा और बसपा के बीच नजर आया मुख्य मुकाबला
- देवराज मिश्र, ब्यूरो चीफ अयोध्या
- Apr 16, 2021
- 541 views
अमानीगंज, अयोध्या ।। विकास खंड में सुबह 7:00 बजे से पहले ही अनेक बूथों पर मतदाताओं की लाइन लग गई मतदाताओं ने पूरे जोशो खरोश के साथ मतदान किया। 11 बजते बजते मतदान की रफ्तार सुस्त हो गई। लेकिन जैसे ही धूप कम हुई मतदाता अपने घरों से निकलने लगे और शाम होते होते मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। कहीं-कहीं लंबी कतारों के कारण मतदाताओं को काफी देर तक इंतजार भी करना पड़ा। अनेक पोलिंग स्टेशनो पर कोविड-19 की धज्जियां उड़ी लोग बिना मास्क के बिना शारीरिक दूरी बनाए कतार में आपस में चिपके रहे।
अमानीगंज प्रथम जिला पंचायत के चुनाव में सत्तासीन भाजपा, सपा, बसपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला देखा गया। अलग-अलग पोलिंग बूथों पर अलग-अलग दलों के बीच लड़ाई नजर आई जिससे भाजपा की देशमती शुक्ला सपा की कृष्ण कुमारी कांग्रेस की रमेश कुमारी बसपा की प्रतिमा के बीच चतुष्कोणीय मुकाबला माना जा रहा है। वहीं अमानीगंज द्वितीय व तृतीय जिला पंचायत सदस्य की सीट पर भाजपा सपा और बसपा के प्रत्याशी टक्कर में नजर आए। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव होने के चलते पोलिंग स्तर पर राजनीतिक दलों के बूथ कार्यकर्ता मतदाताओं से वोट मांगने से कतराते नजर आए जिससे अधिकांश पोलिंग स्टेशनों पर जिला पंचायत सदस्य के चुनाव में जातीय आधार पर दलों के पारंपरिक रूप से मतदाता माने जाने वाले मतदाताओं ने दलीय आधार पर मतदान किया। ग्राम प्रधान के चुनाव में विकास खंड की कई ग्राम पंचायतों में आमने सामने का तो कई में त्रिकोणीय कौन है व चतुष्कोण मुकाबला भी देखने को मिला।
सुबह 7:00 बजते ही रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने अपने पैतृक गांव घटाैली में मतदान किया। घटौली में कोविड-19 की गाइड लाइन का पूरा पालन किया गया। मंझनपुर पोलिंग स्टेशन पर सुबह से ही भारी भीड़ लगी रही। रायपट्टी, गहनाग पोलिंग स्टेशन पर ग्राम प्रधान के उम्मीदवारों में पूरे दिन गहमागहमी छाई रही एक एक वोट के लिए अभिकर्ता आपस में संघर्ष करते रहे। क्षेत्र की तुलापुर, पण्डोकिया पोलिंग स्टेशन पर कोविड-19 की दिशा निर्देशों का पालन नहीं किया गया कतार में खड़े होने के लिए गोले भी नहीं बनाए गए थे जिससे लोग बिना मास्क के ही आपस में चिपके रहे।
बूथों पर आशा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की ड्यूटी होने से कई पोलिंग स्टेशनों पर पक्षपात के आरोप में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई शिकायत के बाद उक्त कर्मियों को बूथ से बाहर किया गया। खंडासा थाना क्षेत्र के चमरूपुर पोलिंग बूथ व अंजरौली पोलिंग बूथ पर आशा कार्यकत्री की ड्यूटी होने से घंटो तक गहमागहमी रही शिकायत के बाद दोनों जगहों पर उक्त कर्मियों को बाहर किया गया।
रिपोर्टर