
भिवंडी में समाजवादी पार्टी सम्मलेन कार्यक्रम का आयोजन पद का वितरण
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 08, 2024
- 355 views
भिवंडी। शहर के बुबेरे हाल में सपा प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आज़मी जी की अध्यक्षता में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान भिवंडी शहर के विभिन्न प्रकोष्ठों के नये अध्यक्षों व पदाधिकारियों की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गयी। कार्यकारिणी गठन के माध्यम से पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास किया गया ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ व प्रभाव बढ़ सके। आज़मी ने कहा कि नए पदाधिकारियों की नियुक्ति से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा और इससे पार्टी के कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जा सकेगा। समाजवादी पार्टी का मुख्य उद्देश्य गरीब, मजदूर, किसान व समाज के पिछड़े वर्गों की आवाज बनना है। समाजवादी पार्टी की नीतियां और योजनाएँ हमेशा जनता के हित में रही है और आने वाले विधानसभा चुनावों में भी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए समाजवादी पार्टी हर संभव प्रयास करेगी.उन्होंने कार्यकर्ताओं को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अब से ही मेहनत शुरू कर देनी चाहिए। सपा के सच्चे सिपाही घर-घर जाकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाएं और उन्हें पार्टी की उपलब्धियों से अवगत कराएं। चुनाव में जीत तभी संभव है जब संगठन के हर कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी होऔर इसके लिए सभी को मिल-जुलकर काम करना होगा। सम्मेलन के दौरान कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण की बात कही और पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए संकल्प लिया। नए पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने प्रकोष्ठों में संगठन को और मजबूत करने और पार्टी के काम को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने का आश्वासन दिया। कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास हमेशा से संघर्ष का रहा है, और आज भी हम उसी संघर्ष की भावना के साथ आगे बढ़ रहे है। "हम जनता के साथ हैं और जनता के लिए हैं। आने वाले चुनावों में हम जनता के विश्वास और समर्थन से ही विजयी होंगें।इस कार्यक्रम में सपा पदाधिकारियों में एक दूसरे के प्रति मन मुटाव देखा गया। कई पदाधिकारी भले ही एक मंच पर मौजूद थे। किन्तु एक दूसरे से नजर बचाते हुए दिखाई पड़े।
रिपोर्टर