कभी 'कमल',कभी 'हाथ', 'अब धनुष-बाण' का सहारा !

भिवंडी की सियासत में बड़ा उलटफेर


संतोष शेट्टी ने फिर मारी पलटी, शिवसेना (शिंदे गट) में हुए शामिल

संतोष शेट्टी ने फिर खेला बड़ा दांव !


भिवंडी। राजनीतिक गलियारों में हलचल मचाते हुए, भिवंडी के चर्चित नेता संतोष शेट्टी ने एक बार फिर पार्टी बदलने का फैसला किया है। पिछले चुनावों में भाजपा से जुड़े शेट्टी ने, फिर कांग्रेस का हाथ थामा था, अब शिवसेना (शिंदे गट) में शामिल होकर सियासी पटल पर नया दांव खेला है। इस कदम के बाद अब अटकलें लगाई जा रही हैं कि शेट्टी धनुष-बाण के प्रतीक के साथ भिवंडी पूर्व विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतर सकते है।

सियासी सफर में उतार-चढ़ाव ::::

राजनीतिक सफर की शुरुआत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) से करने वाले शेट्टी ने भाजपा में अपनी पहचान बनाई। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट लेकर शिवसेना के रूपेश म्हात्रे के खिलाफ भिवंडी पूर्व सीट से मैदान में उतरे थे।हालांकि परिणाम ने उनके पक्ष में साथ नहीं दिया। 2019 में फिर एक बार उन्होंने भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस का रुख किया, पर इस बार भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

2024 के लिए नए समीकरणों की तैयारी::::

अब 2024 के चुनाव की आहट में भाजपा से पुनः टिकट मिलने की उम्मीद लगाए बैठे शेट्टी ने जब देखा कि उनकी उम्मीदों पर पानी फिर सकता है। तो उन्होंने अपनी राह बदलते हुए शिवसेना (शिंदे गट) का दामन थाम लिया। इस निर्णय के तहत उन्होंने सांसद श्रीकांत शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल होकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से भी मुलाकात की।

शिवसेना (शिंदे गट) के लिए 'तगड़ा चेहरा' बनेंगे संतोष शेट्टी ? :::::

भिवंडी पूर्व सीट पर शिवसेना (शिंदे गट) के पास अब तक कोई मजबूत चेहरा नहीं था, लेकिन अब संतोष शेट्टी के शामिल होने से पार्टी को एक नया संबल मिल सकता है।शिवसेना (शिंदे गट) के समर्थक अब यह उम्मीद जता रहे है कि शेट्टी इस बार धनुष-बाण लेकर मैदान में उतरेंगे और भिवंडी पूर्व से जीत का परचम लहराएंगे।

भिवंडी की सियासत में संतोष शेट्टी के इस बड़े उलटफेर से चुनावी माहौल गरमा गया है। क्या इस बार शेट्टी की नई रणनीति रंग लाएगी, या यह महज एक और पैंतरा साबित होगा – यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट