
भिवंडी मनपा में "शिवसेना प्रणीत" यूनियन की ओर से कर्मचारियों को 14,000 रुपये दिवाली बोनस का वितरण
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 26, 2024
- 464 views
भिवंडी। भिवंडी महानगरपालिका के कर्मचारियों के दिवाली बोनस को लेकर हर साल सवाल खड़े होते थे। दिवाली नजदीक आने के बाद भी बोनस का कोई अता-पता नहीं होता था, जिससे कर्मचारियों के परिवारों की दिवाली फीकी पड़ने की आशंका बनी रहती थी। इसी समस्या को हल करने और दिवाली को खुशियों से भरने के लिए "शिवसेना प्रणीत अखिल महाराष्ट्र जनरल कामगार यूनियन" के अध्यक्ष महेंद्र कुंभारे और उनके सहयोगियों ने एक नई पहल की शुरुआत की। उन्होंने "कर्मचारी सहायता निधि ग्रुप" की स्थापना की। जिसके माध्यम से ग्रुप के सदस्य कर्मचारियों की दिवाली महानगरपालिका के बोनस पर निर्भर नहीं रहकर हर साल हंसी-खुशी मनाई जाने लगी।इस अनोखी पहल के कारण कर्मचारी यूनियन का आभार मानते हैं।
इस साल कर्मचारी सहायता निधि ग्रुप का पाँचवां वर्ष है और इस अवसर पर प्रत्येक सदस्य कर्मचारी को 14,000 रुपये का दिवाली बोनस प्रदान किया गया है। इसके अलावा पांच भाग्यशाली कर्मचारियों ने आकर्षक पुरस्कार भी जीते। यूनियन ने आने वाले तीन सालों में हर सदस्य कर्मचारी को "500 वर्ग फुट का अपना घर" उपलब्ध कराने की योजना बनाई है, जिसे बहुत ही कम कीमत पर दिया जाएगा। साथ ही, भिवंडी मनपा के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के शिक्षित बच्चों को हर महीने 5,000 रुपये का भत्ता देने की योजना भी बनाई गई है। जिसे दिवाली के बाद नवंबर से शुरू किया जाएगा। यूनियन के अध्यक्ष महेंद्र कुंभारे ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से इस योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया है।
रिपोर्टर