प्रशासन द्वारा विभिन्न जगहों पर किया गया छठ घाटों का निरीक्षण

जानते हैं कब होगा शुभारंभ और कब होगा समापन

संवाददाता जैनेंद्र तिवारी की रिपोर्ट

कुदरा(कैमूर)--नगर पंचायत कुदरा सहित आसपास के छठ पूजा घाटों का प्रशासन द्वारा किया गया निरीक्षण। आपको बताते चलें कि बिहार सहित अन्य राज्यों में भी 

हर वर्ष छठ पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। पंचांग के अनुसार कार्तिक माह में शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से लेकर सप्तमी तिथि तक छठ पूजा मनाई जाती है। इस पर्व के दौरान भगवान सूर्य देव की पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने का विधान है। इस व्रत को विवाहित महिलाएं विधिपूर्वक करती हैं। साथ ही पुरुष भी जीवन में आने वाले संकटों को दूर करने के लिए भगवान सूर्य देव की उपासना करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस व्रत को करने से जातक को सूर्य देव की कृपा प्राप्त होती है और जीवन खुशहाल होता है।


इस वर्ष छठ महापर्व 05 नवंबर से लेकर 08 नवंबर तक मनाया जाएगा। पंचांग के अनुसार, इस बार 05 नवंबर को नहाय खाय किया जाएगा।छठ पूजा का दूसरा दिन खरना पूजा होती है, इस दिन महिलाएं नए मिट्टी के चूल्हे पर खीर बनाती हैं। इसके बाद उसे भोग के रूप में छठी मैया को अर्पित किया जाता है। इस दिन पूजा के बाद व्रत की शुरुआत होती है। इस बार खरना पूजा 06 नवंबर को है।इसके अगले दिन यानी तीसरे दिन निर्जला व्रत रखा जाता है और डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इस बार 07 नवंबर को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।

छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने का विधान है। इसके बाद शुभ मुहूर्त में व्रत का पारण किया जाता है। इस पर्व का समापन 08 नवंबर को है। छठ पूजा के शुभ अवसर पर सूर्य देव और उनकी पत्नी उषा, प्रत्युषा की विधिपूर्वक उपासना करने का विधान है। मान्यता है कि पूजा करने से जातक को छठी मैया की कृपा प्राप्त होती है।


छठ पूजा में विधि व्यवस्था साफ सफाई व सुरक्षा के मद्देनजर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रदीप कुमार के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा नगर पंचायत कुदरा सहित आस पास के घाटों का निरीक्षण कर जानकारी लिया गया। साथ ही उनके द्वारा कहा गया कि प्रशासन द्वारा हर संभव सहयोग दिया जाएगा। व्रत त्यौहार शांति व सौहार्द का प्रतीक है, इसे सौहार्दपूर्ण तरीके से मनायें। यदि कहीं से भी कुछ संदिग्ध नजर आए तो प्रशासन को तत्काल सूचित करें, अफवाहों पर ध्यान ना दें, शासन प्रशासन को सहयोग दें और सहयोग लें।मौके पर अंचल पुलिस निरीक्षक सुनील कुमार निर्झर, थानाध्यक्ष विकास कुमार, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी उजाली राज सहित प्रशासनिक कर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट