महिला दिवस पर महिलाओं ने कराया अपनी ताकत का अहसास

देवरिया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न संगठनों से जुड़ीं महिलाओं ने सड़कों पर बैंड-बाजे एवं अपने नारी होने के स्वाभिमान के साथ जुलूस निकाला। उन्होंने महिला हितों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और लोगों को महिलाओं का सम्मान करने का संदेश दिया। कई स्कूल-कॉलेजों में भी गोष्ठी का आयोजन कर आधी आबादी को सशक्त बनाने का संकल्प लिया गया।

अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन से जुड़ी महिलाओं ने शुक्रवार को सुभाष चौक पर हाथों में झंडा, बैनर के साथ जुलूस निकाला, जो पूरे शहर में होकर गुजरा। जुलूस में महिलाओं पर अत्याचार बंद करो, महिला मजदूरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करो, महिलाओं को सम्मान एवं सुरक्षा की गारंटी दो जैसे नारे गूंजते रहे। जिलाध्यक्ष गीता पांडेय ने कहा कि महिलाओं के हर अधिकार के लिए सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष किया जाएगा। जुलूस में सुमन, संगीता वर्मा, प्रियंका, शीला पांडेय, नीलम सिंह, सविता सिंह, चंदा, आशा, राबड़ी देवी, रेखा वर्मा, शोभा, लक्ष्मीना, पूनम गुप्ता, सुशीला, बसंती, लीलावती आदि शामिल रहीं। महिला एकता शक्ति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रंग-गुलाल उड़ाते हुए टाउनहाल से जुलूस निकाला। सिविल लाइंस होते हुए वे कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित 10 सूत्री ज्ञापन डीएम कार्यालय में सौंपा। संगठन की अध्यक्ष मन्नू तिवारी ने कहा कि प्रदेश में नशाखोरी, दहेज प्रथा बंद करने, महिलाओं को प्रति माह 10 हजार रुपये पेंशन, 50 प्रतिशत आरक्षण, छेड़खानी, हत्या व महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर जब तक रोक नहीं लगाई जाती, संघर्ष जारी रहेगा। इसमें सीमा, कांति, प्रेमशीला, किसनावती, दुर्गा, मुस्कान, प्रभावती, प्रीति, सीता, आकांक्षा, सोनी आदि शामिल रहीं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट