कोरोना अपडेट : संक्रमितों की संख्या में सबसे बड़ा इजाफा, 90 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव

वाराणसी ।। कोरोना मरीजों की संख्या में सोमवार को सबसे बड़ा इजाफा हुआ। एक साथ 90 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रोजाना सुबह और शाम दो बार सैंपल की रिपोर्ट आती है। अभी तक कभी भी दोनों वक्त का मिलाकर भी इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित नहीं मिले थे।

सुबह की रिपोर्ट में 90 मरीज मिल गए हैं। इससे आशंका है कि जल्द ही यह आंकड़ा तीन डिजिट में आ जायेगा। जिला प्रशासन के मुताबिक, बीएचयू लैब से 500 लोगों की रिपोर्ट मिली। इसमें 90 नये कोरोना संक्रमित मरीज पाये गये। अब कोरोना मरीजों की संख्या 1361 हो गई है। अब तक 33 लोगों की मौत हो चुकी है। 537 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या 791 है। इससे पहले रविवार को एक ही दिन में कोरोना से दो मौतें हो गई थीं। सुबह महिला की मौत के बाद देर रात 63 वर्षीय रिटायर आयकर अधिकारी ने बीएचयू में दम तोड़ दिया था।

आयकर अधिकारी तीन साल पहले सोनभद्र से रिटायर हुए थे। फिलहाल पांडेयपुर के आरती नगर में रहते थे। तबीयत खराब होने पर बीएचयू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इससे पहले रविवार भोर में बड़ागांव के महिला की कोरोना से प्राइवेट हॉस्पिटल में मौत हुई थी। महिला की तीन दिन पहले तबीयत खराब हुई थी। बुखार के साथ सांस फूलने की दिक्कत थी। परिवार वालों ने भोजूबीर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। भर्ती करने के बाद डॉक्टरों ने उनका कोरोना का टेस्ट कराने को कहा।पैथॉलोजी में उनका टेस्ट किया गया। शनिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। डॉक्टरों ने महिला को कोरोना अस्पताल में भर्ती करने को कहा था। बेटे के अनुसार दिन भर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन करने के बाद भी एम्बुलेंस नहीं पहुंची। अधिकारी सुबह एम्बुलेंस भेजने का आश्वासन देते रहे। इसी बीच रविवार की भोर में महिला ने दम तोड़ दिया।वहीं, रविवार को ही कोतवाली थाने के 32 पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इन पुलिसकर्मियों की एंटीजेन किट से जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद लैब में टेस्टिंग के लिए सैंपल भेजा गया था।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट