पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में चाकूबाजी, एक की मौत दो घायल

आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के दौलताबाद गांव में शनिवार देर रात 10 बजे पुरानी रंजिश को लेकर चाकूबाजी हो गई। एक पक्ष ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें दूसरे पक्ष के त्रिभुवन राम(30) पुत्र नारायन राम की मौके पर ही मौत हो गई। घायल दीना राम को गंभीर हालत में शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं एक मामूली रूप से चोटिल है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर आठ लोगों को नामजद किया गया है। आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, दौलताबाद के त्रिभुवन राम और फिरतू राम पुत्र सिल्लू के बीच पिछले एक साल से चोरी के मामले को लेकर रंजिश चल रही है। चोरी के एक मामले में फिरतू आदि ने त्रिभुवन आदि पर आरोप लगाए थे। शनिवार रात को दोनों पक्ष रविदास जयंती समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में भी थे। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश को कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर दूसरे पक्ष ने चाकू से हमला बोल दिया। इसने त्रिभुवन राम पुत्र नारायन राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके भाई दीना राम गंभीर और भीम राम मामूली रूप से घायल हो गए। दीना को गंभीर हालत में शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक त्रिभुवन राम की पत्नी रेनू देवी ने फिरतू, जिया लाल समेत आठ लोगों को नामजद किया है। थाना प्रभारी जहानागंज संदीप यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश की जा रही है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट