5 मार्च को जिले में घूमेगी बी-टीम, छूटे हुए बच्चों को दी जाएगी पोलियो की खुराक

• पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान में जिले के 230186 बच्चों को दी गई दो बूंद जिंदगी के

• 15292 छूटे हुए बच्चों को चिन्हित करते हुए चलाया जायेगा अभियान

बक्सर ।। जिले में पांच दिवसीय पोलियो अभियान का समापन तीन मार्च को हो गया। जिसमें 230186 बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। हालांकि, लक्ष्य के अनुरूप अभी भी 15292 बच्चे दवा की खुराक लेने से वंचित रह गए हैं। जिनको पोलियो की खुराक देने के लिए पांच मार्च को बी-टीम अभियान चलाया जायेगा। 

इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. राज किशोर सिंह ने बताया, पोलियो को रोकने के लिए जिले के चक्रवार अभियान चलाया जाता है। लेकिन, इसके पुनर्जन्म को रोकने के लिए सावधानी जरूरी है। इसी के तहत हर बच्चे को पोलियो की खुराक दी जा रही है। शनिवार को चलाए जाने वाले अभियान में लगाई गई बी-टीम इस बात का ध्यान रखेगी कि एक भी बच्चा छूटने न पाए। पोलियो ड्रॉप पिलाने के साथ ही लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। 

स्वास्थ्य कर्मियों ने घर घर घूम कर पिलाई दवा की खुराक :

डॉ. राज किशोर सिंह ने बताया, पोलियो उन्मूलन में बच्चों के लिए यह दवा एकदम आवश्यक है।  कोई भी 5 वर्ष से कम उम्र का बच्चा इस अभियान में न छूटे इसपर पूरा ध्यान रखा गया। जिले में पोलियो की दवा पिलाने के लिए घर घर घूमकर स्वास्थ्य कर्मी बच्चों को दवा पिलाई। शनिवार को चलने वाले अभियान में छूटे हुए बच्चों को दवा की खुराक देने के लिए चिन्हित घरों का भ्रमण करेंगे। पल्स पोलियो अभियान की सफलता के लिए एएनएम, आशा कार्यकर्ता व अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इस अभियान में आम लोगों का सहयोग भी अपेक्षित है। 

12 जानलेवा बीमारियों से बचाता है पोलियो ड्रॉप:

डॉ. राज किशोर सिंह ने बताया, पोलियो एक खतरनाक लकवाग्रस्त वायरस जनित रोग है। नवजात बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण उसे पोलियो का खतरा ज्यादा रहता है। विशेष रूप से यह बीमारी रीढ़ के हिस्सों व मस्तिष्क को ज्यादा नुकसान पहुंचाता है। पोलियो ड्रॉप के साथ अपने बच्चों का संपूर्ण टीकाकरण भी करवाना चाहिए जो 12 जानलेवा बीमारियों से बचाए रखता है। इसलिए उन्होंने पांच साल से कम उम्र के नीचे छूटे हुए सभी शिशुओं व नवजातों के माता-पिता व अभिभावकों से अनिवार्य रूप से अपने बच्चे को पोलियो की खुराक दिलाने की अपील की। ताकि, उनका बच्चा पोलियो से ग्रसित होने की संभावना से बच सके।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट