
भिवंडी में नवरात्रोत्सव की तैयारी जोरों पर
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 28, 2024
- 316 views
'ॐ जय बाबा मित्र मंडल' ने किया भूमिपूजन
भिवंडी। गणेशोत्सव के समापन के साथ ही अब भिवंडी में नवरात्रोत्सव की तैयारियाँ तेज़ी से शुरू हो गई है। शहर के प्रसिद्ध 'ॐ जय बाबा मित्र मंडल' द्वारा शुक्रवार 27 सितंबर को सार्वजनिक नवरात्रोत्सव हेतु पंडाल निर्माण हेतु भूमिपूजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे विधि-विधान से पूजा संपन्न की गई। यह नवरात्रोत्सव पिछले 16 वर्षों से भिवंडी के कमला होटल के पीछे, समाजसेवक रवि पाटिल के कंपाउड में मनाया जाता रहा है। इस वर्ष मंडल 17वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है, और आयोजकों का कहना है कि इस बार का आयोजन पहले से भी अधिक भव्य और आकर्षक होगा।
डांडिया और गरबा की धूम :
पूर्व की भांति इस साल भी नवरात्रोत्सव में धार्मिक आयोजन के साथ-साथ डांडिया और गरबा का भव्य आयोजन किया जाएगा।मंडल के संस्थापक अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्रोत्सव का यह आयोजन बंगाली परंपरा के अनुसार किया जाएगा। पूजा,आरती,जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा, इस वर्ष मंडल सामाजिक जागरूकता अभियानों को भी बढ़ावा देगा जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।
भूमिपूजन समारोह में प्रमुख लोग रहे उपस्थित:
भूमिपूजन कार्यक्रम में मंडल के संस्थापक अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी,कार्याध्यक्ष विजय मिश्रा,चंचल पांडे,सुधाकर तिवारी, मंचन पांडे,समाजसेवी रवि पाटील,कोषाध्यक्ष राकेश केसरवानी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित अरविन्द ऒझा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नारियल फोड़कर की गई, जिससे इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हुआ। इसके अलावा
भिवंडी में नवरात्रोत्सव की धूम :
ॐ जय बाबा मित्र मंडल के अलावा भिवंडी के अन्य सार्वजनिक मंडल भी नवरात्रोत्सव की तैयारियों में जुट गए हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा, जो भक्तों के बीच खासा उत्साह पैदा कर रहा है।इस वर्ष भिवंडी में नवरात्रोत्सव की धूमधाम देखने लायक होगी, जहां धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भरपूर आनंद लिया जा सकेगा।
रिपोर्टर