
डेढ़ लाख का गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार, तीन गंजेडियों पर भी कार्रवाई
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 22, 2024
- 217 views
भिवंडी। मजदूर बाहुल्य क्षेत्र होने के कारण भिवंडी में गांजा की अवैध बिक्री बड़े पैमाने पर होती है। स्थानीय पुलिस समय-समय पर सार्वजनिक स्थानों पर चिलम सुलगा रहे गंजेडियों को गिरफ्तार करती रही है। वहीं गांजा तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, इसके बावजूद गांजा की बिक्री और सेवन पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।
हाल ही में, पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में गांजा का सेवन कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया। भिवंडी शहर पुलिस ने खदान रोड स्थित गोल्डन होटल के पास खाली पड़ी जमीन में एक रिक्शा में बैठकर गांजा पी रहे साहिल तय्यब पठान को रंगे हाथों पकड़ा। इसके साथ ही कोनगांव पुलिस ने कल्याण रोड पर जय मल्हार ढाबा के पास की झोपड़पट्टी परिसर में मोहम्मद शानु यासीन शाह और मोहम्मद आयाज नशरूल्ला को गांजा पीते हुए गिरफ्तार किया है।
इसी तरह नारपोली पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग मानकोली क्षेत्र में गांजा बेचने के इरादे से आ रहे है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने मानकोली उड़ान पुल के नीचे जाल बिछाया और तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इनमें मिथुन सुनिल आचार्या (34) निवासी उड़ीसा, आमीन मोहम्मद आलम (21) निवासी मानखुर्द और शंकरण निवासी आंध्र प्रदेश शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 1,59,720 रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए तस्करों के खिलाफ एन.डी.पी.एस.एक्ट की धाराएं 8(क), 20(ब) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। भिवंडी पुलिस की इस कार्रवाई से गांजा तस्करी और सेवन पर एक बड़ा प्रहार हुआ है, लेकिन यह देखना बाकी है कि आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सकेगा या नहीं। मामले की आगे की जांच पुलिस उप-निरीक्षक बी.एस.नवले द्वारा की जा रही है।
रिपोर्टर