
136 भिवंडी पश्चिम विधानसभा सीट: चुनावी मैदान में 33 उम्मीदवार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 29, 2024
- 435 views
भाजपा-सपा ने किया शक्ति प्रदर्शन महाविकास आघाड़ी का गठबंधन टूटा
भिवंडी। महाराष्ट्र की भिवंडी पश्चिम विधानसभा सीट पर चुनावी मुकाबला जोर पकड़ चुका है। इस बार इस सीट पर कुल 33 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। महायुति से भाजपा विधायक महेश चौघुले और समाजवादी पार्टी के रियाज आज़मी ने विशाल रैलियों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। दूसरी ओर महाविकास आघाड़ी का गठबंधन टूट जाने के कारण यहां का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गया है।
भाजपा के महेश चौघुले का भव्य शक्ति प्रदर्शन ::::
भाजपा के मौजूदा विधायक महेश चौघुले ने नामांकन के अंतिम दिन भिवंडी के शिवाजी महाराज चौक से एक विशाल जुलूस निकाला। समर्थकों की भारी भीड़ के साथ, चौघुले ने रैली के माध्यम से अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कपिल पाटिल की उपस्थिति ने रैली को और अधिक प्रभावी बना दिया। जिससे यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा इस सीट को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सपा ने गठबंधन से अलग होकर दिखाई ताकत ::::
महाविकास आघाड़ी में दरार के बाद समाजवादी पार्टी ने स्वतंत्र रूप से मैदान में उतरने का निर्णय लिया। सपा प्रत्याशी रियाज आज़मी ने दरगाह दीवान शाह से लेकर चुनाव कार्यालय तक एक विशाल रैली का नेतृत्व किया। जिसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आज़मी भी शामिल हुए। रियाज आज़मी का यह कदम महाविकास आघाड़ी में दरार का संकेत देता है। जो यहां के चुनावी समीकरण को और जटिल बना रहा है।
कांग्रेस और AIMIM के उम्मीदवार भी मैदान में ::::
महाविकास आघाड़ी की ओर से कांग्रेस के दयानंद चोरघे ने भी ढोल-नगाड़ों के साथ अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। वहीं, AIMIM की ओर से वारिस पठान और जेल में बंद खालिद गुडडू ने नामांकन दाखिल कर मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है। पिछले चुनाव में खालिद गुडडू ने भाजपा के विधायक महेश चौघुले को कड़ी चुनौती दी थी और इस बार उनके समर्थकों की नजरें एक बार फिर उन पर टिकी हैं।
कई पार्टियों और निर्दलीय प्रत्याशियों ने बढ़ाई चुनौती :::
इस चुनाव में मनसे, वंचित बहुजन आघाड़ी, रिपब्लिकन सेना और बसपा जैसे दलों के उम्मीदवारों ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। इसके अलावा, बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नामांकन भरा है, जो वोटों के बंटवारे में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कड़ा मुकाबला और नई चुनौतियां :::
भिवंडी पश्चिम सीट पर भाजपा, सपा, कांग्रेस और AIMIM के बीच इस बार त्रिकोणीय संघर्ष की संभावना बन रही है। भाजपा विधायक महेश चौघुले जहां विकास के मुद्दे पर जनता का समर्थन चाहते हैं, वहीं सपा और कांग्रेस भी अपने-अपने मतदाताओं को रिझाने की कोशिश में हैं। AIMIM के प्रत्याशियों की उपस्थिति से मुस्लिम मतदाताओं का झुकाव भी इस चुनाव को नया मोड़ दे सकता है।
भिवंडी पश्चिम सीट पर इस बार का चुनाव न केवल सीट जीतने की होड़ है, बल्कि विभिन्न दलों के लिए अपनी पकड़ साबित करने की परीक्षा भी है। जनता के फैसले पर निर्भर है कि इस बार भिवंडी पश्चिम की कमान किसके हाथ लगेगी।
रिपोर्टर