भिवंडी लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभा सीटें महायुती लड़ेंगी -- प्रकाश पाटिल

भिवंडी। महाराष्ट्र में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के नेतृत्व में महायुती के रूप में लड़ने की तैयारी हो रही है। भिवंडी लोकसभा क्षेत्र की सभी छह विधानसभा सीटों पर महायुती के उम्मीदवार खड़े किए जाएंगे। शिवसेना (शिंदे गुट) के उपनेता प्रकाश पाटिल ने विश्वास जताया कि इन सीटों को जीतने का संकल्प शिवसैनिकों ने लिया है। वे वडपे स्थित सांगलीला रिसॉर्ट में आयोजित संवाद यात्रा के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।

शिवसेना शिंदे गुट की ओर से पूरे महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। इसी के तहत सांसद श्रीकांत शिंदे ने संवाद यात्रा के माध्यम से भिवंडी ग्रामीण, भिवंडी पूर्व और कल्याण पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में संवाद यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया था। हालांकि, उद्योगपति रतन टाटा के दुखद निधन के कारण सांसद श्रीकांत शिंदे इस कार्यक्रम में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके और ऑनलाइन माध्यम से संवाद यात्रा का मार्गदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने शिवसेना के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दसरा मेळावा की सफलता और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

इस मौके पर उपनेता प्रकाश पाटिल, ठाणे जिला ग्रामीण प्रमुख देवानंद थळे, भिवंडी शहर जिला प्रमुख सुभाष माने, विधायक शांताराम मोरे, विश्वनाथ भोईर, पूर्व उपमहापौर मनोज काटेकर सहित महायुती के कई अन्य नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रकाश पाटिल ने कहा कि भिवंडी लोकसभा क्षेत्र की छह विधानसभा सीटें महायुती के तहत लड़ी जाएंगी, लेकिन जिन सीटों पर पहले से शिवसेना का विधायक है या जहां शिवसेना की मजबूत स्थिति है, उन सीटों पर शिवसेना का दावा रहेगा। जहां शिवसेना का उम्मीदवार खड़ा होगा, वहां भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का समर्थन रहेगा, और जहां महायुती का उम्मीदवार होगा, वहां मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसैनिक पूरे जोर से काम करेंगे और जीत सुनिश्चित करेंगे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट