पुलिस की सतर्कता से पिस्तौल और छुरा के साथ दो गिरफ्तार

भिवंडी। राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद भिवंडी पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में गश्त तेज कर दी है।इसी कड़ी में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में संदिग्ध व्यक्तियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। जिससे शहर में अपराधियों पर सख्ती का संदेश गया है।

पहली घटना में शांतिनगर पुलिस ने पाईप लाइन, पोगांव चौकी के पास गायत्रीनगर बाबा होटल के समीप रहने वाले जैद अकबर अंसारी (23) को संदिग्ध हालत में पकड़ा। यह गिरफ्तारी कल शाम सात बजे उस समय हुई जब जैद शहर में प्रवेश कर रहा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से 50,500 रुपये कीमत का एक बनावटी देशी पिस्तौल बरामद किया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जैद को हिरासत में ले लिया और मामला दर्ज कर लिया।

दूसरी घटना में नारपोली पुलिस ने अंजूर फाटा इलाके में देर रात एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। अंजूर फाटा स्थित बांबे पैलेस बार के सामने विजय गौतम ढगे उर्फ ढग्या को एक धारदार कोयता (छुरा) के साथ रात्रि करीब सवा एक बजे पकड़ा गया। पुलिस की मुस्तैदी से यह गिरफ्तारी भी समय पर हो सकी, जिससे संभावित घटना टल गई। दोनों मामलों में पुलिस ने भारतीय हथियार अधिनियम की धारा 3 और 25, तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 (1) और 135 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आचार संहिता लागू रहने तक सुरक्षा को और कड़ा किया जाएगा और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट