भिवंडी विधानसभा में हुआ शांतिपूर्ण मतदान

भिवंडी पूर्व में 51.14% और पश्चिम में 54.39% व ग्रामीण में 61.93 % वोटिंग


भिवंडी। भिवंडी पूर्व और पश्चिम व ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में बुधवार को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। देर शाम तक मतदान के सटीक आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके थे, लेकिन गुरुवार को सहायक निर्वाचन अधिकारियों ने तीनों क्षेत्रों के मतदान प्रतिशत की पुष्टि की।

भिवंडी पूर्व 137 विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,73,645 पंजीकृत मतदाताओं में से 1,91,097 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 1,05,504 पुरुष, 85,566 महिलाएं और 27 अन्य मतदाता शामिल हैं। इस क्षेत्र में कुल 51.14% मतदान हुआ।

भिवंडी पश्चिम 136 विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 3,34,037 थी। इनमें से 1,81,682 लोगों ने मतदान किया, जिनमें 1,00,607 पुरुष, 81,058 महिलाएं और 17 अन्य मतदाता शामिल थे। इस क्षेत्र में 54.39% मतदान दर्ज किया गया। 

भिवंडी ग्रामीण 134 विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 3,37,711 थी। इनमें से 2,09,149 लोगों ने मतदान किया। जिनमें 1,07,621 पुरुष और 1,01,528 महिलाएं शामिल थी। इस क्षेत्र में कुल 61.93 % मतदान दर्ज किया गया है। 

तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए बड़े उत्साह के साथ वोट डाला। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और कहीं से भी किसी बड़े विवाद की खबर नहीं आई। इस बार महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में मतदान में हिस्सा लिया, जिससे लोकतंत्र की जड़ों को और मजबूत करने का संदेश मिला। मतदान के बाद अब तीनों क्षेत्रों में प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो चुकी है। मतगणना के बाद पता चलेगा कि जनता ने किसे अपनी सेवा करने का अवसर दिया है।भिवंडी के मतदाताओं की यह भागीदारी दर्शाती है कि क्षेत्र में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता और विश्वास बढ़ा है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट