
लूट-पिटे भिवंडीवासियों की अब विधायक को आई याद, 1 रुपये में कोरोना के इलाज का ठोंका दावा ?
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 02, 2020
- 767 views
भिवंडी।। भिवंडी पूर्व के सपा विधायक रईस कासिम शेख ने कहा कि अब कोरोना का इलाज एक रुपये में होगा. यही नहीं, 10 से 12 लोगो के जरिए भिवंडी के एक लाख लोगोंं का जांच सिर्फ 15 दिनों में करवाने के लिए भी दावा ठोक दिया हैं। वह यही नहीं रुके, उन्होंने कहा कि जैसे मुंबई में कोरोना पर ब्रेक लगाया गया, अब भिवंडी में भी ब्रेक लगा दिया जायेगा। सबसे पहले उनके विधान सभा क्षेत्र शांतिनगर परिसर से इसका इलाज प्रारम्भ होगा। पदमा नगर , कामतघर की कमान स्वयं विधायक जी ही संभालेगें।
कोरोना के संकटकाल, तीन महिने बीत जाने के बाद आखिरकार भिवंडी पूर्व विधानसभा के सपा विधायक रईस कासिम शेख को हिन्दी व मराठी भाषी पत्रकारों की याद आ ही गयी. सपा मुखिया अखिलेश यादव के जन्म दिन के अवसर पर भिवंडी सपा मुख्यालय व सपा विधायक कार्यालय में एक पत्रकार परिषद आयोजित कर 1 रुपये में कोरोना वायरस से संक्रमित व्यक्तियों का इलाज करवाने का दावा ठोक दिया। इसके साथ ही आन द स्पाॅट कोरोना का जांच करने तथा दवा भी मुफ्त देने का ऐलान किया है। इसके लिए वे मुंबई की सामाजिक संस्था अहतेसाब व वन रुपी क्लिनिक साहित भिवंडी मनपा के वैद्यकीय कर्मचारियों की मदद लेंगे। किन्तु आप को अवगत कराते चलें कि, भिवंडी महानगरपालिका के पास पर्याप्त कर्मचारी नहीं होने के कारण पालिका प्रशासन आंगनवाडी कर्मचारियों सहित स्कूल के अध्यापकों से सहयोग लेकर जांच व सर्वे करवा रही है। तो विधायक जी को पालिका प्रशासन इस कार्य के लिए कहां से मनुष्य बल उपलब्ध करवाऐगा?
पत्रकार परिषद में सपा विधायक शेख ने पूर्व आयुक्त डाॅ. प्रवीण आष्टीकर पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व आयुक्त ने वरिष्ठ अधिकारियों के सामने कोरोना के उपाय योजना संबंधित झूठा अहवाल पेश किया तथा पर्याप्त सामग्री के बारे में जानकारी नहीं दी। इसलिए शहर में बहुत तेजी के साथ वायरस फैला।
शहर के कबिस्तानों में हाउस फुल का बोर्ड लगने तथा श्मशान भूमि में निरंतर चिताएं जलने के बाद सपा विधायक वन रुपी क्लिनिक के सहारे कोरोना मरीज़ो के उपचार की याद आई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मनपा प्रशासन को 10 करोड़ रुपये की निधि राज्य सरकार से उपलब्ध करवाया है। जिसके कारण शहर में भारी संख्या में बेड, ऑक्सीजन से लैस हॉस्पिटल तैयार हो रहे हैं। सर्वे करना महत्वपूर्ण काम है जिससे कोरोना को लगाम लगाया जा सके। इसके लिए वन रूपी संस्था सहयोग करेगी. उन्होंने कहा कि ये वन रुपी वही संस्था है जो मुंबई के वरली, वडाला, गिरगांव, कुर्ला, अंधेरी और गोरेगांव इत्यादि कंटेनमेट जगहों पर बृहन्मुंबई महानगर पालिका का जांच में सहयोग करता आ रहा है।
गौरतलब हो भिवंडी शहर में अधिकारिक रूप से कोरोना से सवा सौ लोगो की मृत्यु हुई है वहीं गैर अधिकारिक रूप से कबिस्तान के गेट पर हाउस फुल का बोर्ड तक लगा दिया गया था। इसके साथ ही प्राइवेट अस्पतालों ने भी नागरिकों को जमकर लूटा, कोरोना के उपचार के नाम पर लाखों रुपए का बिल रोगियों को देकर जबरन वसूला गया। इस संकटकाल में हॉस्पिटल प्रबंधन द्वारा जमकर लूट मचाने से नागरिकों में दहशत फैल गयी। जिसके कारण मौत की संख्या बढ़ने लगी।जिससे तंग आकर लोगों ने इलाज करवाने के बजाय घरों पर रहकर ही मरना मुनासिब समझा.
अब लोगों का सवाल है कि भिवंडी मतदाताओं के सहारे विधानसभा में पहुँचे सपा विधायक रईस शेख को आखिरकर अपने मतदाताओं की सुध तीन महिने बाद आ ही गयी। वह भी ऐसे समय में आयी जब पालिका प्रशासन के आयुक्त डाॅ. पंकज आशिया ने कोरोना वायरस पर लगाम लगाने में पूरी तरह से कारगार साबित हो रहे हैं।
जागरुक नागरिकों की मानें तो अब मनपा प्रशासन प्रतिदिन 300 मरीज़ो की मुफ्त जांच करवा रही है। कोरंटाइन सेंटर शहर में ही बनाया गया है। कुछ मस्जिद व मदरसों को भी नागरिकों ने कोरंटाइन सेंटर का रुप दे दिया है। जिसमें कोरोना पाॅजिटिव मरीज के परिजन 14 दिनों तक रहते हैं। लगभग अब कोरोना वायरस का अंतिम चरण चल रहा हैं। जल्द ही इस पर पूरी तरह से कंट्रोल कर लिया जायेगा। किन्तु अब इसका श्रेय लेने के लिए कथित नेताओं और जनप्रतिनिधियों में होड़ लगने लगी है। शहर में चर्चा है कि संकटकाल के दौरान पूर्व आयुक्त डाॅ. प्रवीण आष्टीकर से तीन महिने में लगातार दर्जनों बार सपा विधायक रईस शेख गुफ्तगू कर चुके थे, तो उस समय उनकी ये सामाजिक संस्थाएं कहां थी। जो दावा किया जा रहा हैं कि कोरोना का उपचार 1 रुपये में होगा।
हालांकि 04 जुलाई से वन रुपी क्लिनिक के संचालक डाॅ. राहुल घुले, पालिका स्वास्थ्य विभाग व अहतेसाब सामाजिक संस्था मिलकर भिवंडी शहर के कंटेनमेट जोन में जांच करना शुरू कर देगी। जिसकी हरी झंडी मनपा आयुक्त डाॅ. पंकज आशिया भी दे चुके हैं। यहां इस बात का उल्लेख आवश्यक है कि पत्रकार परिषद के दौरान सपा के शहर अध्यक्ष अरफात शेख सहित काई वरिष्ठ पदाधिकारी नदारद थे। जिसको लेकर शहर में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
रिपोर्टर