
भिवंडी महानगर पालिका में समय पर कर्मचारियों का तबादला नहीं होने से भ्रष्टाचार बढ़ा
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Dec 27, 2022
- 375 views
भिवंडी।। भिवंडी निजामपुर शहर महानगर पालिका के अस्थापना विभाग में सरकारी नियमों का पालन ना करने व समय पर अधिकारियों तथा कर्मचारियों का नियमित स्थानान्तरण ना करने से पालिका मुख्यालय के विभिन्न विभागों सहित प्रभाग समितियों में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है। कर्मचारियों के भष्ट्राचार संबंधी शिकायतों को संज्ञान में लेने हेतु नागरिकों ने पालिका के वरिष्ठ अधिकारियों व प्रशासन विभाग के कायदे का पालन करने की मांग पालिका के प्रशासक व आयुक्त से की है। पालिका मुख्यालय सहित प्रभाग समितियों के कई विभागों में अनेक वर्षों से एक ही पद पर क्लर्क और गलत पदोन्नत अधिकारी एक ही कार्यालय में काम कर रहे है जो नागरिकों की शिकायतें व पालिका के महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब कर रहे है यह एक गंभीर समस्या बनी हुई है। भष्ट्राचार का खुलासा होने पर ऐसे कर्मचारियों पर कार्रवाई ना कर दूसरे विभाग में बदली कर दी जाती है। यही नहीं मात्र कुछ दिनों बाद पुनः उनकी उसी विभाग व उसी पद पर बदली कर बहाल भी कर दिया जाता है। गलत तरीके से पदोन्नति लेकर कर्मचारी से अधिकारी बने अधिकारी के रूप में कार्य करने वाले कर्मचारियों को अपने जिम्मेदारी का बोध नहीं है। सफाईकर्मी के रूप में भर्ती कर्मचारी प्रभारी लिपिक के रूप में महानगर पालिका में कार्यरत है जो नागरिकों व पालिका के महत्वपूर्ण दस्तावेज संभालने में अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा पाते। यही नहीं पालिका के नियमो का ज्ञान ना होने से निर्णय लेने में पूर्ण रूप से असक्षम है। जिसके कारण गलत निर्णय लेकर फाइलों पर हस्ताक्षर कर दिये जाते है। सरकारी नियमानुसार एक विभाग में एक ही पद पर तीन साल कार्य करने के बाद कार्यरत सरकारी कर्मचारियों का तबादला किया जाना चाहिए। किन्तु आश्चर्य की बात यह है कि पालिका के कई विभागों मे कर्मचारी व अधिकारी एक ही पद पर कई वर्षों से काम कर रहे हैं। जिसके कारण पालिका में भारी भष्ट्राचार व्याप्त है। जिसके कारण नागरिकों के काम अधर में लटक जाते है। ऐसे कर्मचारियों की शिकायतों के बाद पालिका के अस्थापना विभाग द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी कर केवल कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति कर दी जाती है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा ऐसे कर्मचारियों के विरूद्ध निर्णयात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। किन्तु ऐसे कर्मचारियों के विरूद्ध निर्णयात्मक कार्रवाई ना होने से करदाताओ में घोर नाराजगी व्याप्त है। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ गंभीर कार्रवाई करने की मांग नागरिकों द्वारा पालिका के प्रशासक व आयुक्त विजय कुमार म्हसाल से की है।
रिपोर्टर