
तड़ीपार आरोपियों की दबंगई खत्म, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Oct 12, 2024
- 252 views
भिवंडी। भिवंडी शहर में कानून और व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाले दो तड़ीपार आरोपियों को आखिरकार नारपोली पुलिस ने दबोच लिया। यह गिरफ्तारी शहर में सुरक्षा और शांति व्यवस्था के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का एक और सबूत है। दोनों आरोपी, जिन्हें गंभीर अपराधों के चलते भिवंडी और आस-पास के क्षेत्रों से तड़ीपार किया गया था,पुलिस के रडार पर थे।
पहला आरोपी, अंजूर फाटा रवि नगर का रहने वाला 21 वर्षीय राहुल दशरथ राठौड़, जिसे 2 अप्रैल 2024 से ठाणे, बृहन्मुंबई, नवी मुंबई, पालघर, रायगढ़ और पुणे जिलों से 2 वर्षों के लिए हद्दपार किया गया था। उसने कानून की अवहेलना करते हुए भिवंडी के साठेनगर इलाके में प्रवेश किया। पुलिस को सूचना मिलते ही उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया। इसी तरह, दूसरा आरोपी साठे नगर का 24 वर्षीय वैभव गोपाल पवार जिसे भी 2 अप्रैल 2024 से 2 वर्षों के लिए इन्हीं जिलों से तड़ीपार किया गया था, ने बिना किसी सक्षम अधिकारी की अनुमति के भिवंडी में घुसपैठ की। पुलिस ने उसे भी तुरंत हिरासत में ले लिया। पुलिस हवलदारों की शिकायत के आधार पर इन दोनों आरोपियों के खिलाफ एक बार फिर मामला दर्ज किया गया है। नारपोली पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से शहरवासियों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है् और अपराधियों को साफ संदेश दिया है कि कानून के खिलाफ जाने वालों को कोई राहत नहीं दी जाएगी। यह गिरफ्तारी भिवंडी में अपराधियों के खिलाफ जारी पुलिस अभियान की एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है।
रिपोर्टर