इंदिरागांधी जयंती पर भिवंडी कांग्रेस ने स्थानीय पार्टी संगठन को मजबूत करने का लिया संकल्प

भिवंडी।। विश्व भर में लौह महिला कहलाई जाने वाली, दृढ निश्चय, साहस व अद्भुत क्षमता वाली भारत की प्रथम व एक मात्र महिला प्रधानमंत्री स्व. इंदिरागांधी की 103वीं जयंती गुरुवार को भिवंडी शहर जिला कांग्रेस कार्यालय में मनाई गई। इस दौरान एक सादे समारोह का आयोजन कर रशीद ताहिर मोमिन की अध्यक्षता में कांग्रेसियों ने उनके चित्र पर पुष्पहार और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद इंदिरागांधी मेमोरियल अस्पताल स्थिति उनकी प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें आदरांजलि पेश की गई। इस अवसर पर भिवंडी शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि देश की एकता और अखंडता के लिए हमारी नेता ने अपना बलिदान दिया। देश के विकास में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। अपनी प्रतिभा व राजनीतिक दृढ़ता के लिए विश्व राजनीति के इतिहास में इंदिरा जी का नाम सदैव याद रखा जाएगा। समाजवाद की अवधारणा एवं बैंकों के राष्ट्रीयकरण सहित स्व. इंदिरा गांधी द्वारा किए गए कार्यों को हम सलाम करते हैं। परमाणु परीक्षण, पाकिस्तान का विभाजन एवं खाद्यान्न में आत्मनिर्भरता सहित उनके कार्यों ने पूरा विश्व में लोहा मनवाया है। जिसके लिए विश्व राजनीति के इतिहास में इंदिरा जी का नाम सदैव याद रखा जाएगा। वह जनवरी 1966 से मार्च 1977 तक देश की प्रधानमंत्री रहीं। इसके बाद 1980 में वह दोबारा देश की प्रधानमंत्री बनीं। 31 अक्टूबर, 1984 को उनकी हत्या कर दी गई थी। 

स अवसर पर स्थानीय कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दुहराते हुए कांग्रेसाध्यक्ष मोमिन ने कहा कि स्थानीय स्तर पर पार्टी संगठन को पुनर्जीवित और मजबूत करने के लिए हर वार्ड का दौरा करके वार्ड स्तर पर कमेटियों का गठन करने के साथ-साथ आगामी मनपा चुनाव के मद्देनजर बूथ स्तर पर भी कमेटियों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने शहर के सभी ब्लाक अध्यक्षों को चुस्त दुरूस्त रहने का आह्वान करने के साथ-साथ यह भी चेताया कि इस कार्य में ढिलाई बरतने वाले ब्लाक अध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। हम अपने अद्वितीय नेता स्वर्गीय इंदिरागांधी के जन्म जयंती पर इस बात का संकल्प लेते हैं कि जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए हम वहां भी जाएंगे और उस स्थान पर भी अपना संगठन खड़ा करेंगे। जहां कांग्रेस पार्टी का पर्याप्त जनाधार नहीं है। मोमिन ने पद्मानगर और कामतघर आदि इलाके का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां पार्टी का कभी भी ठोस जनाधार नहीं रहा है। लेकिन हम अपने प्रयासों और जनसंपर्क द्वारा उन इलाकों को भी कांग्रेसमय बनाने का अधिकतम प्रयास करेंगे। जहां पार्टी संगठन का अस्तित्व न के बराबर है। इस मौके पर फजले खान, सोहेल खान, रानी अग्रवाल, पप्पूराका, प्रदीप पाटिल और फाजिल अंसारी आदि ने भी सभा को संबोधित करते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट