भाजी मंडी में महिला की पर्स से 1.65 लाख के गहने और नकदी चोरी

भिवंडी। भिवंडी के भाजी मंडी क्षेत्र में एक महिला की पर्स से 1.65 लाख रुपए के गहने और नकदी चोरी होने की घटना सामने आई है। यह घटना उस समय हुई जब महिला भाजी मंडी में खरीदारी कर रही थी। चोरी की इस वारदात ने स्थानीय लोगों में भय और गुस्से का माहौल पैदा कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक  मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे, 50 वर्षीय कमल सुरेश खांडेकर, जो अंबाडी की निवासी है भिवंडी के भाजी मंडी में टमाटर खरीदने गई थीं। उनके पास एक पर्स थी, जिसमें 15,000 रुपए नकद, सोने का मंगलसूत्र, कान की सोने की चेन और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। जैसे ही वह एक ठेले से टमाटर खरीदने में व्यस्त थीं, एक अज्ञात चोर उनकी नजरों से बचते हुए उनके बैग पर हाथ साफ कर गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने का मौका भी नहीं मिला। चोरी के बाद चोर मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने घटना की शिकायत निजामपुर पुलिस थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में यह पाया गया है कि चोर पहले से महिला पर नजर रखे हुए था और जैसे ही उसे मौका मिला, उसने चोरी को अंजाम दिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोग काफी डरे हुए हैं। बाजार में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। स्थानीय निवासियों ने पुलिस से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इस घटना ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि वह जल्द से जल्द चोर को पकड़ने की कोशिश कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट